भौजा तरकुलवा में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, आमजन का रास्ता अवरुद्ध ग्रामवासियों ने तहसील प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी 

 

महराजगंज:भौजा तरकुलवा वार्ड संख्या–3 नेहरू नगर, नगर पंचायत महराजगंज में सरकारी गाटा संख्या–76 (रकबा 0.053 हे0), जो राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के रूप में दर्ज है, पर अवैध निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि भोहत पुत्र मिठाई द्वारा इस सरकारी भूमि पर अवैधानिक निर्माण कर जनता के आवागमन का मुख्य रास्ता बंद कर दिया गया है।

 

ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता अवरुद्ध होने से क्षेत्र की दर्जनों परिवारों को आवाजाही में गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा दी गई शिकायत में लिखा है कि यह भूमि पूरी तरह सरकारी है, ऐसे में किसी भी प्रकार का निजी निर्माण मान्य नहीं है।

 

*ज्ञापन छीनने का आरोप, लेखपाल पर गलत रिपोर्ट लगाने का आरोप*

 

ग्रामवासियों ने 01 नवंबर 2025 को तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देने का प्रयास किया, लेकिन शिकायत के अनुसार गेट पर मौजूद लेखपाल ने उनका ज्ञापन छीन लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तहसीलदार की उपस्थिति में लेखपाल ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बाद में तहसीलदार ने 03 नवंबर को मौके पर सिमांकन कराने का आश्वासन दिया, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

 

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि लेखपाल ने बिना जांच के गलत रिपोर्ट लगाई और दो गवाहों—सदानंद गिरी आदि के नाम दर्शाए, जबकि गवाहों ने स्वयं कहा कि उन्हें इस निस्तारण की कोई जानकारी नहीं है। फोन पर बात होने पर सदानंद गिरी ने लेखपाल को फटकार भी लगाई।

 

*एसडीएम को भी दिया जा चुका है प्रार्थना पत्र*

 

ग्रामीणों ने 20 नवंबर 2025 को एसडीएम महोदय को भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि अवैध निर्माण लगातार जारी रहने से रास्ता स्थायी रूप से बंद हो सकता है।

 

*ग्रामीणों की मांग*

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थलीय निरीक्षण कराने, गलत रिपोर्ट लगाने वाले संबंधित राजस्व कर्मियों पर कार्रवाई करने तथा अवैध निर्माण को रोकते हुए आमजन का रास्ता खुलवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *