रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
मौत भी नहीं कर सकी जुदा, जीवन भर साथ निभाने वाले प्रेम की मिसाल।

महराजगंज।
जनपद के पनियरा नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 10 दीन दयाल नगर से मानव संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। यहां बुजुर्ग दंपत्ति के अटूट प्रेम ने ऐसा दृश्य रच दिया, जिसे देखकर हर आंख नम हो गई। लंबे समय से बीमार पति की मौत का सदमा पत्नी सहन नहीं कर सकी और कुछ ही मिनटों के अंतराल में उसने भी दम तोड़ दिया। अंततः दोनों को एक ही चिता पर पंचतत्व में विलीन किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीन दयाल नगर निवासी बुजुर्ग व्यक्ति काफी समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। परिजन उनकी देखभाल में जुटे थे, लेकिन रविवार को उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। जैसे ही यह खबर पत्नी तक पहुंची, वह गहरे सदमे में चली गईं। पति के वियोग का दर्द इतना असहनीय था कि कुछ ही देर बाद पत्नी की भी सांसें थम गईं।
एक ही घर में कुछ ही मिनटों के भीतर दो-दो मौतों की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बच्चों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस अटूट प्रेम की मिसाल को देखकर स्तब्ध था।
परिजनों ने आपसी सहमति से दोनों बुजुर्गों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर करने का निर्णय लिया। जब अर्थी उठी तो माहौल गमगीन हो गया। अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। इलाके में यह चर्चा तेज रही कि जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाने वाले इस दंपत्ति को मौत भी अलग नहीं कर सकी।
दीन दयाल नगर सहित पूरे पनियरा क्षेत्र में यह घटना अटूट प्रेम, समर्पण और साथ की ऐसी मिसाल बन गई है, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे। यह दंपत्ति अपने पीछे सिर्फ यादें ही नहीं, बल्कि प्रेम की एक अमर कहानी भी छोड़ गया है।