सोनौली बॉर्डर पर अभेद्य सुरक्षा घेरा, गणतंत्र दिवस व खिचड़ी मेले को लेकर हाई अलर्ट सुरक्षा में कोई चूक नहीं, सीमा पर हर कदम पर सख्ती।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

सोनौली। गणतंत्र दिवस और गोरखनाथ खिचड़ी मेले को लेकर भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से सख्त कर दी गई है। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और नेपाल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। सीमा से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच के बाद ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है।

 

सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों, नाकों और पगडंडियों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। आधुनिक तकनीक की मदद लेते हुए सीसीटीवी कैमरों और डॉग स्क्वायड के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती गांवों की पगडंडियों पर भी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके।

 

खास तौर पर सोनौली सीमा पर एसएसबी के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात हैं। नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले यात्रियों को विशेष जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है। पहचान पत्रों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

 

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नौतनवा अंकुर गौतम ने बताया कि गणतंत्र दिवस और खिचड़ी मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों की पगडंडियों से लेकर मुख्य नाकों तक लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी संदिग्ध स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *