ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 17 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक के दौरान अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा भी की गई। समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि शादी अनुदान, पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ, राजकीय छात्रावास, वृद्धा आश्रम, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना तथा अत्याचार उत्पीड़न सहायता योजना में लक्ष्य के अनुरूप कार्य हो रहा है, जिस पर अध्यक्ष ने संतोष जताया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने वर्ष 2025-26 में दर्ज एससी/एसटी मामलों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान अध्यक्ष ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में एलटी ग्रेड शिक्षकों की भर्ती में आरक्षण व्यवस्था तथा कस्तूरबा विद्यालयों के संचालन की जानकारी भी ली।
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को मुकदमों में न फंसाया जाए और दोषियों को किसी भी हालत में छोड़ा न जाए। साथ ही पीड़ितों की समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
बैठक में जिला विकास अधिकारी बीएन कन्नौजिया, अपर उपजिलाधिकारी विजय यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।