निचलौल में नशे की रफ्तार बनी हादसे की वजह, बाइक से गिरकर दो युवक गंभीर घायल शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा भारी, समय रहते पुलिस ने बचाई जान

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी प्रधान संपादक 

 

 

निचलौल (महराजगंज)। निचलौल थाना क्षेत्र के झुलनीपुर स्थित 13/4 नहर पुल के पास मंगलवार शाम शराब के नशे में बाइक चला रहे दो युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

 

थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे 13/4 नहर पुल से झुलनीपुर जाने वाली सड़क पर दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही बहुआर चौकी की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

 

जांच में पता चला कि परागपुर, थाना निचलौल निवासी कुंदन (20 वर्ष) पुत्र शैलेश और मोतीलाल (20 वर्ष) पुत्र भगवंत बाइक से 13/4 पुल से झुलनीपुर की ओर जा रहे थे। अत्यधिक शराब के नशे में होने के कारण बाइक से उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

 

पुलिस ने मौके पर ही दोनों युवकों के परिजनों को सूचना दी और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *