रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय उपसंपादक
महराजगंज। जनपद में गो तस्करी एवं पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार तड़के थाना ठूठीबारी और बरगदवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोवध के लिए ले जाए जा रहे 8 गोवंशीय पशुओं से लदी एक पिकअप वाहन को बरामद किया गया।
मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस गश्त एवं चेकिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप में गोवंशीय पशुओं को निर्दयता पूर्वक लादकर गड़ौरा बाजार ठूठीबारी से सीहाभार होते हुए खैरहवा जंगल टोला खैराटी चौराहे की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने खैराटी चौराहे पर घेराबंदी की।
कुछ ही देर में ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग की ओर से आती संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन तेज गति से बेलहिया की ओर भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो ग्राम सेमरहना के चकरोड मार्ग पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके से चालक व अन्य तस्कर फरार हो गए।
वाहन की तलाशी लेने पर पीछे ढाले में कुल 8 गोवंशीय पशु अत्यंत क्रूरता पूर्वक बंधे पाए गए। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी द्वारा परीक्षण के बाद 3 गाय और 1 बछड़े को मृत घोषित किया गया, जिनका मौके पर ही पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं 1 गाय और 3 बछड़े जीवित व सुरक्षित पाए गए।
थानाध्यक्ष बरगदवा शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि थाना बरगदवा पर मुकदमा संख्या 06/2026 अंतर्गत धारा 3/5A/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन संख्या UP57 BT 3844, 4 जीवित गोवंश, तथा 4 मृत गोवंश बरामद किए हैं। बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, विवेक कुमार सिंह, अजीत कुमार भारती (थाना बरगदवा), प्रणव कुमार ओझा, बृजेश पाण्डेय (थाना ठूठीबारी) सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
फरार गो तस्करों की तलाश जारी है और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और कड़ी कर दी गई है।