राजीव त्रिपाठी/ नौतनवां महराजगंज
सह संपादक
नौतनवा (महराजगंज) नगर में रसोई गैस की बढ़ती मांग और आपूर्ति में लगातार आ रही कमी के बीच नौतनवा इंडियन गैस एजेंसी के प्रबंधक धनंजय पांडे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद नगर में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से एजेंसी पर गैस सिलेंडर की भारी किल्लत बनी हुई थी। रोजाना सैकड़ों की संख्या में उपभोक्ता गैस लेने के लिए एजेंसी परिसर, गोदाम और वितरण स्थल पर पहुंच रहे थे। बढ़ती भीड़ और सीमित आपूर्ति के कारण कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।
इस संबंध में धनंजय पांडे ने बताया कि गैस की कमी के कारण उपभोक्ताओं को समय से सिलेंडर उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पा रहा था। लगातार शिकायतें और उपभोक्ताओं के असंतोष के कारण उन्हें मानसिक दबाव और असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्होंने नौतनवा इंडियन गैस एजेंसी के प्रबंधक पद से इस्तीफा दे दिया है और अब उनका एजेंसी से कोई संबंध नहीं है।
स्थानीय लोगों के अनुसार एक ट्रक में करीब 400 गैस सिलेंडर की आपूर्ति होती है, जबकि एजेंसी पर गैस लेने के लिए लगभग 600 उपभोक्ता लाइन में खड़े रहते हैं। ऐसे में कुछ लोग पर्ची और सिफारिश के सहारे गैस लेने की कोशिश करते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की कमी के चलते एजेंसी प्रबंधन को रोजाना लोगों के आक्रोश और शिकायतों का सामना करना पड़ रहा था। इसी दबाव और परिस्थितियों से आहत होकर प्रबंधक धनंजय पांडे ने अंततः अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
फिलहाल उनके इस्तीफे के बाद नौतनवा नगर में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं और उपभोक्ता अब यह जानना चाह रहे हैं कि आगे गैस वितरण की व्यवस्था किस तरह सुचारू की जाएगी।