भारत–नेपाल सीमा पर बढ़ी चौकसी, ठूठीबारी पुलिस व एसएसबी की संयुक्त गश्त।

रिपोर्ट विशाल रौनियर ठूठीबारी 

 

भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से ठूठीबारी कोतवाली पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र में गश्त की। इस संयुक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में शांति, सुरक्षा और आपसी समन्वय को सुदृढ़ करना रहा।

 

ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि स्थानीय एसएसबी के साथ मिलकर भारत–नेपाल सीमा पर नियमित संयुक्त गश्त की जा रही है, ताकि तस्करी, अवैध आवागमन, घुसपैठ एवं अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। गश्त के दौरान दोनों बलों के जवानों ने संवेदनशील बिंदुओं का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

 

संयुक्त गश्त के दौरान सीमावर्ती गांवों में लोगों से संवाद कर उन्हें सतर्क रहने के लिए जागरूक भी किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या एसएसबी को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

पुलिस एवं एसएसबी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए आपसी तालमेल के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों का सहयोग भी बेहद आवश्यक है। आने वाले समय में भी इस तरह की संयुक्त गश्त और समन्वय गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी, ताकि भारत–नेपाल सीमा पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *