*फेसबुक लाइव में ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी, वीडियो वायरल होते ही मचा बवाल; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी /सिंदुरिया महराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

सिंदुरिया (महराजगंज): सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बरवां कला गांव में होली के दिन फेसबुक लाइव के दौरान ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आने से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई और गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार बरवां कला गांव निवासी विशाल भारती पुत्र सुरेश भारती ने होली के दिन किसी निजी रंजिश के चलते फेसबुक पर लाइव आकर ब्राह्मण समाज के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। बताया जा रहा है कि युवक ने लाइव के दौरान समाज को लेकर कई अमर्यादित टिप्पणियां कीं, जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर फैल गया।

 

वीडियो सामने आने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की टिप्पणी से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

 

गुरुवार को सूचना मिलने पर चिउटहां चौकी प्रभारी सारिका सिंह पुलिस टीम के साथ बरवां कला गांव पहुंचीं। वहां ग्रामीणों ने उन्हें वायरल वीडियो दिखाया और आरोपी की पहचान कराई। ग्रामीणों के अनुसार वीडियो में साफ तौर पर विशाल भारती ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है।

 

चौकी प्रभारी ने पूरे मामले की रिपोर्ट थाना सिंदुरिया को भेजी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

थानाध्यक्ष सिंदुरिया राजकुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी समुदाय या समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *