*गणतंत्र दिवस पर भारत–नेपाल सीमा हाई अलर्ट, सोनौली से लेकर पगडंडियों तक कड़ी निगरानी।*

न्यूज रिपोर्ट /नरसिंह उपाध्याय /महराजगंज 

उप सम्पादक 

देश की सुरक्षा सर्वोपरि, सीमा पर हर कदम सतर्क

गणतंत्र दिवस को लेकर महराजगंज जनपद की भारत–नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से कड़ी कर दी गई है। खुली सीमा होने के कारण किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। सोनौली सीमा सहित सभी संवेदनशील इलाकों में दिन-रात गश्त और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

 

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि राष्ट्रीय पर्व के मद्देनजर सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। नेपाल से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। महिलाओं की तलाशी के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे सुरक्षा के साथ मानवीय संवेदनशीलता भी बनी रहे।

 

सीमा की छोटी-बड़ी सभी पगडंडियों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, वहीं ड्रोन कैमरों के जरिए दूरदराज और दुर्गम इलाकों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। सोनौली बॉर्डर पर डॉग स्क्वायड को भी सक्रिय किया गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

 

इसके अलावा सीमावर्ती सराय, होटल, ढाबों और अन्य ठहरने के स्थानों की नियमित जांच की जा रही है। पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीमें कॉम्बिंग ऑपरेशन के जरिए न सिर्फ क्षेत्र को सुरक्षित बना रही हैं, बल्कि स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने के लिए जागरूक कर रही हैं।

 

सुरक्षा एजेंसियों की इस मुस्तैदी से साफ है कि गणतंत्र दिवस पर देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित रहें, इसके लिए हर स्तर पर चौकसी बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *