*नेपाल चुनाव को लेकर इंडो-नेपाल ज्वाइंट सिक्योरिटी बैठक, सीमा सीलिंग व संयुक्त गश्त पर सहमति।*

ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी/महाराजगंज

प्रधान सम्पादक 

महराजगंज, 16 फरवरी 2026। इंडो-नेपाल क्रॉस बॉर्डर ज्वाइंट सिक्योरिटी कोआर्डिनेशन कमेटी की ऑनलाइन बैठक जनपद महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर व पश्चिमी चंपारण के वरिष्ठ अधिकारियों तथा नेपाल के रूपनदेही, कपिलवस्तु व नवलपरासी जिलों के अधिकारियों के बीच संपन्न हुई। बैठक में नेपाल में आगामी चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए सीमा सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में नेपाल में 05 मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय सीमा की कड़ी निगरानी, सीमाद्योतक चिन्हों के सुदृढ़ीकरण, नो-मैन्स लैंड के सुंदरीकरण, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, शराब, खाद एवं अन्य वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया।

 

जिलाधिकारी ने नेपाली प्रशासन के 05 मार्च की मध्यरात्रि से 72 घंटे पूर्व अंतरराष्ट्रीय सीमा सील करने के अनुरोध पर शासन के निर्देशानुसार आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया। उन्होंने नेपाल में शुचितापूर्ण एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने और संयुक्त गश्त को और प्रभावी बनाने पर बल दिया।

 

सीमापारीय व्यापार को बढ़ावा देने तथा अवैध व्यापार और तस्करी में संलिप्त तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने को लेकर भी दोनों पक्षों ने सहमति व्यक्त की। बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए समय रहते संवेदनशील सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी जोर दिया गया।

 

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने महराजगंज पुलिस द्वारा साझा की गई वांछित अपराधियों की सूची पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त पेट्रोलिंग और अतिरिक्त सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

 

बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा पर कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, सीमाद्योतक चिन्हों के संरक्षण तथा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समन्वित कार्रवाई करने पर सहमति जताई। साथ ही संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं के नियमित आदान-प्रदान पर भी सहमति बनी।

 

जिलाधिकारी ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक आयोजित करने के लिए नवलपरासी के मुख्य जिला अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत-नेपाल संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन महराजगंज पूर्ण सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

 

नवलपरासी के मुख्य जिला अधिकारी ने भारतीय अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नेपाल-भारत के मधुर संबंधों को और मजबूत करने के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, उपजिलाधिकारी नौतनवा, उपजिलाधिकारी निचलौल एवं सीओ नौतनवां सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *