ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जिला जज/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरविन्द मालिक के निर्देशानुसार जिला कारागार महराजगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लीगल एड डिफेंस काउंसिल टीम के सदस्यों आशुतोष पाण्डेय एवं ज्ञानेंद्र कुमार मिश्र के साथ जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने जेल में निरुद्ध बंदियों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता के अधिकारों के प्रति जागरूक किया। बंदियों को विस्तार से बताया गया कि लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के माध्यम से वे बिना किसी शुल्क के अधिवक्ता प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उन्हें न्याय पाने में सहायता मिलेगी।
विशेष रूप से उन बंदियों पर ध्यान दिया गया जिनके पास कोई अधिवक्ता उपलब्ध नहीं है। ऐसे इच्छुक बंदियों के लिए जेल प्रशासन के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को आवेदन कराकर निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी मौके पर ही प्रारंभ कराई गई।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जेल परिसर की साफ-सफाई, बंदियों की स्वास्थ्य सेवाओं एवं समुचित देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक बी.के. गौतम, महिला डिप्टी जेलर रत्ना सिंह, डिप्टी जेलर अविनाश कुमार तथा जेल चिकित्सक डॉ. श्याम बाबू सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह निरीक्षण न केवल जेल व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, बल्कि बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने में भी प्रभावी रहा।