इंस्टाग्राम प्रेम बना पुलिस केस, शादी की जिद पर गांव में बवाल सोशल मीडिया की दोस्ती जब हकीकत से टकराई, तो पहुंचा मामला थाने तक!

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

 

महराजगंज जनपद के चिउटहा चौकी अंतर्गत सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़िया में बुधवार को उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब बिहार से आई एक युवती ने स्थानीय युवक पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया। युवती युवक के घर पहुंचकर विवाह की मांग पर अड़ गई, जिससे गांव में हंगामा शुरू हो गया।

 

बिहार के चंपारण जिले की रहने वाली युवती का आरोप है कि उसकी पहचान करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम के जरिए ग्राम भेड़िया निवासी युवक आमिर अली से हुई थी। ऑनलाइन बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने शादी का भरोसा दिलाया। युवती का कहना है कि इसी भरोसे के आधार पर युवक ने उसका शारीरिक शोषण किया, लेकिन बाद में शादी से इंकार करने लगा।

 

जब युवती ने विवाह को लेकर दबाव बढ़ाया तो वह सीधे भेड़िया पहुंच गई। युवक के घर के बाहर हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चिउटहा चौकी ले जाया गया। वहां आपसी समझौते के प्रयास में पंचायत भी हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।

 

इसी दौरान युवती ने कथित तौर पर जहर खाने का नाटक किया, जिससे चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने युवती को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकीय जांच में जहर सेवन की पुष्टि नहीं हुई।

 

चिउटहा चौकी प्रभारी सारिका सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 69, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *