*होटल की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़ करने वाले पत्रकारों को मिली जान से मारने की धमकी।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय सिंदुरिया महराजगंज 

उप सम्पादक 

महराजगंज: जनपद के सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के मिठौरा ब्लॉक गेट के ठीक सामने संचालित एक होटल में चल रहे कथित देह व्यापार के मामले ने अब एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है। इस काले कारोबार का पर्दाफाश करने वाले स्थानीय पत्रकारों को अब होटल संचालक और ग्राम प्रधान द्वारा लगातार धमकियाँ दी जा रही हैं, जिससे क्षेत्र के पत्रकारों में भारी रोष है।

क्या है पूरा मामला?:

सूत्रों के अनुसार, मिठौरा ब्लॉक मुख्यालय के मुख्य द्वार के सामने स्थित एक होटल में लंबे समय से होटल की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। जब पत्रकार राकेश त्रिपाठी और आदर्श त्रिपाठी ने इस मामले की पड़ताल की और सच्चाई जनता के सामने रखी, तो आरोपी पक्ष बौखला गया।

पत्रकारों को दी जा रही है धमकियाँ:

आरोप है कि खबर प्रकाशित होने के बाद होटल संचालक और ग्राम मधुबनी के प्रधान रघुनाथ प्रसाद द्वारा पत्रकारों को बार-बार डराया-धमकाया जा रहा है। पत्रकारों का कहना है कि उन्हें अलग-अलग अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन कर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। इस घटना से पत्रकारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस प्रशासन का रुख:

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित पत्रकारों ने थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह सिन्दुरिया को पूरे मामले से अवगत कराया है और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि, “मामला हमारे संज्ञान में है और इसकी गहनता से छानबीन की जा रही है। होटल में चल रही संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए जल्द ही टीम गठित कर छापेमारी की जाएगी। पत्रकारों को धमकी देने वालों और अवैध धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *