रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज
गोरखनाथ मंदिर में आयोजित होने वाले खिचड़ी मेला–2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज अपर पुलिस महानिदेशक जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन ने पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी गोरखपुर के साथ मंदिर परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण योजना, यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रवेश–निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने प्रत्येक व्यवस्था को व्यवहारिक और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
एडीजी मुथा अशोक जैन ने संबंधित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेला अवधि में कानून-व्यवस्था हर हाल में सुदृढ़ रखी जाए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों एवं क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की तैनाती सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त निगरानी रखने तथा नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए।
इस दौरान डीआईजी/एसएसपी एवं जिलाधिकारी गोरखपुर ने आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा खिचड़ी मेला–2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।