महराजगंज में नाबालिग किशोरी का अपहरण, चार पर साजिश रचने का आरोप।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

पांच दिन बाद भी बरामदगी नहीं, मां ने दी आत्मदाह की चेतावनी

 

महराजगंज जनपद के चौक थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम टीकर परसौनी निवासी एक महिला ने एक युवक समेत चार लोगों पर साजिश रचकर उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का गंभीर आरोप लगाया है।

 

पीड़िता की मां लीलावती गौतम ने थाना चौक में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री 2 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे अचानक घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद जानकारी मिली कि सन्डा खुर्द, थाना कोठीभार निवासी सत्यम उर्फ दीपक चौहान पुत्र रामदरबारी चौहान उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया।

 

पीड़िता की मां का आरोप है कि उक्त युवक उनके गांव टीकर परसौनी में अपने नाना उदयभान चौहान के यहां रह रहा था। इस घटना में उदयभान चौहान, उषा देवी और सोनू चौहान ने मिलकर पूरी साजिश रची और किशोरी को भगाने में सहयोग किया।

 

परिजनों का कहना है कि घटना को पांच दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता की मां का आरोप है कि जब भी वह थाना जाती हैं, पुलिस उन्हें “कल आना” कहकर टाल देती है।

 

मामले से आहत पीड़िता की मां ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी नाबालिग बेटी की शीघ्र सकुशल बरामदगी नहीं होती है, तो वह एसपी कार्यालय पर आत्मदाह करने को मजबूर होंगी।

 

फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *