रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी
महराजगंज (सिसवा)।
मानवीय संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए थाना कोठीभार पुलिस ने एक सराहनीय कार्य को अंजाम दिया। सिसवा क्षेत्र में भटकते हुए मिले एक मुखबधिर एवं मंदबुद्धि बालक को पुलिस ने न सिर्फ सुरक्षित संरक्षण में लिया, बल्कि अथक प्रयासों के बाद उसे उसके परिजनों से सकुशल मिलवा दिया।
जानकारी के अनुसार, उक्त बालक अपने घर से भटककर लावारिस अवस्था में इधर-उधर घूम रहा था। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर थाना कोठीभार पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बालक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। बालक की विशेष स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा अत्यंत संवेदनशीलता के साथ उससे संवाद स्थापित करने का हर संभव प्रयास किया गया।
जांच-पड़ताल और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने यह पता लगाया कि बालक जनपद कुशीनगर का निवासी है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके परिजनों का पता लगाया और उनसे संपर्क साधा।
परिजनों के थाना पहुंचने पर बालक को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया। अपने खोए हुए बच्चे को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने थाना कोठीभार पुलिस की मानवीय सोच, तत्परता और सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था की प्रहरी ही नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशील संरक्षक भी है।