*ठूठीबारी सीमा पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, नेपाल भेजा जा रहा अमूल बटर-चीज बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ विप्लव मद्धेशिया

ठूठीबारी, महाराजगंज 

भारत–नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र ठूठीबारी में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कोतवाली परिसर के ठीक पीछे से नेपाल भेजे जा रहे अमूल बटर और चीज की एक बोरी बरामद की है। यह सामान तस्करी के जरिए नेपाल पहुंचाया जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तस्करी का यह माल नेपाली नंबर की बाइक लू 51 प 6538 से ले जाया जा रहा था। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर दबिश दी और तस्करी के सामान को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो नेपाल राष्ट्र का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त बाइक समेत अमूल बटर-चीज की बोरी को कब्जे में ले लिया है। सीमा क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की तस्करी को लेकर पुलिस और प्रशासन पहले से ही सतर्क है, इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि बरामद माल और वाहन को विधिवत कब्जे में ले लिया गया है। मामले में कस्टम अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *