नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित ‘मिशन शक्ति-5.0’ का शुभारंभ

संपादक :राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

 

महराजगंज, 20 सितंबर 2025, आज लखनऊ में लोक भवन सभागार में नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित ‘मिशन शक्ति-5.0’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। 

               कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एनआईसी सभागार में विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की उपस्थित में विभिन्न अधिकारियों और अन्य लोगों ने देखा। 

मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति को ग्राम पंचायतों, स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रभावी तरीके से चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के संदर्भ में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण उत्तर प्रदेश सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और इनसे कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वित और प्रभावी तरीके से मिशन शक्ति 5.0 को संचालित करने का निर्देश दिया।

इस मौके पर प्रदेश के समस्त 1,647 थानों में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन भी हुआ।मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित एसओपी पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया।

जनपद में एनआईसी सभागार में विधायक पनियरा ज्ञानेंद्र सिंह और विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया की उपस्थिति में विभिन्न विभागों और क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण का संदेश देने हेतु विधायकगण द्वारा घुघली ब्लॉक के ग्राम पंचायत बसंतपुर की ग्राम प्रधान अनामिका सिंह को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया। विधायक पनियरा ने कहा कि अनामिका सिंह जैसी महिलाएं ही महिला सशक्तिकरण का प्रतीक हैं। पहले महिलाएं घरों की दहलीज पर सीमित थीं, जबकि आज वो राजनीति से लेकर अंतरिक्ष तक में अपनी पहचान बना रही हैं।

विधायक सदर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में महिला सुरक्षा और सम्मान को उत्तर प्रदेश सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी का परिणाम है कि मिशन शक्ति 5.0 को व्यापक अभियान के रूप में चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को मिशन शक्ति 5.0 के तहत वृहद कार्यक्रम आयोजित करें। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को चिन्हित करें और उनको सम्मानित करें। उन्होंने मिशन शक्ति 5.0 को ग्रामस्तर और स्कूल स्तर पर संचालित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अपर पुलिस अधीक्षक सिद्दार्थ को मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला पुलिस कर्मियों की रैली आयोजित करने हेतु निर्देशित किया।

मिशन शक्ति विशेष अभियानः उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में ‘‘महिलाओं तथा बच्चों की सुरक्षा, सशक्तिकरण व सम्मान‘‘ के उदद्देश्यों के साथ ‘‘मिशन शक्ति‘‘ के रूप में वृहद अभियान के पहले चरण की शुरूवात 17 अक्टूबर 2020 को की गई थी तथा अभी तक 4 चरणों में इसका संचालन किया जा चुका है। मिशन शक्ति के अंतर्गत प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग, गृह, सहित 28 विभागों तथा समाज-सेवी संस्थायें तथा शैक्षणिक संस्थानों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। अभियान के प्रथम 4 चरणों में महिला एवं बाल विकास विभाग, उ0प्र0 द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से 9 करोड़ से अधिक जन-सामान्य तक पहुंच कर उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं तथा कार्यक्रमों से अवगत कराया गया है। संपूर्ण प्रदेश में दिनांक 3 अक्टूबर 2024 से अभियान का पांचवा चरण शुरू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *