*महराजगंज: नव निर्माण के 9 वर्ष—पंचायती राज व नगर विकास की उपलब्धियों का भव्य प्रदर्शन।*

ब्यूरो रिपोर्ट /नरसिंह उपाध्याय /महराजगंज 

उप सम्पादक 

महराजगंज, 20 मार्च 2026 प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के तीसरे दिन पंचायती राज और नगर विकास विभाग द्वारा जनपद में बीते नौ वर्षों में हासिल उपलब्धियों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायतीराज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद महराजगंज द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद सूचना विभाग की ओर से नामित लोक कलाकार राजाराम भारती, कैलाश रसिया और सुनीता यादव ने लोकगीतों के माध्यम से जनसमूह को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

 

जिला पंचायतीराज अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले नौ वर्षों में जनपद ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं, जिसमें पंचायती राज विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को निरंतर गति देने के साथ-साथ नव निर्माण के तहत कई उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। विशेष रूप से विरासत वृक्षों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की पहल सराहनीय रही है, जिसके अंतर्गत अब तक 350 से अधिक ग्राम पंचायतों में ऐसे वृक्षों को संरक्षित किया जा चुका है।

 

उन्होंने बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में जनपद ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नौ वर्षों में 94 हजार से अधिक व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण किया है। इसके अलावा सभी 882 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बनाए गए हैं, जबकि 176 ग्राम पंचायतों में मॉडल सामुदायिक शौचालय स्थापित किए गए हैं। ग्राम पंचायत सचिवालयों में कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से अब ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायतों में लर्निंग सर्विस सेंटर और डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सरकारी भवनों का कायाकल्प भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप गांवों को स्वच्छ, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है।

 

अधिशासी अधिकारी ने नगर विकास विभाग की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में नगर क्षेत्र का व्यापक कायाकल्प हुआ है। मॉडर्न वेडिंग जोन, कर पथ उद्यान और लोहिया पार्क जैसे विकास कार्य इसके उदाहरण हैं। पीएम आवास (शहरी) और पीएम स्वनिधि योजनाओं ने आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान में भी जल निकासी, सड़क निर्माण और टैक्सी स्टैंड जैसे कई कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।

 

जिला सूचना अधिकारी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य न केवल विकास कार्यों की जानकारी देना है, बल्कि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना भी है। जागरूकता ही लाभ प्राप्ति का सबसे बड़ा माध्यम है।

 

कार्यक्रम में जिला समन्वयक आनंद उपाध्याय ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया। इसके अलावा राजेश सिंह और चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन आशीष सिंह ने किया।

 

इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया और महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण से जुड़े उद्देश्यों की जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम के अंत में पंचायती राज विभाग और नगर पालिका परिषद महराजगंज के कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी, योजना लाभार्थी और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *