ब्यूरो रिपोर्ट/ धीरज प्रजापति मंडल प्रभारी
महराजगंज ठूठीबारी दिनांक 13 फरवरी 2026 को 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज की समवाय ठूठीबारी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोदना में जनहित एवं सामाजिक दायित्व के तहत निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर संयुक्त अस्पताल सशस्त्र सीमा बल गोरखपुर तथा 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा ग्रामीणों की नेत्र संबंधी समस्याओं की गहन जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया। इस अवसर पर
डॉ. दिनेश कुमार मिश्रा, उप महानिरीक्षक (चिकित्सा),
डॉ. मृणाली, द्वितीय कमान अधिकारी (चिकित्सा), तथा
डॉ. अमित नंदन त्रिपाठी, द्वितीय कमान अधिकारी (चिकित्सा), 22वीं वाहिनी महराजगंज
मौजूद रहे और उन्होंने स्वयं ग्रामीणों का परीक्षण किया।
आयोजन के दौरान कुल 108 ग्रामीणों की नेत्र जाँच की गई, जिनमें से 32 ग्रामीणों में मोतियाबिंद (Cataract) की पहचान हुई। सभी चिन्हित मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन संयुक्त अस्पताल सशस्त्र सीमा बल, गोरखपुर के माध्यम से कराया जाएगा।
यह शिविर सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने और जरूरतमंद ग्रामीणों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल के लिए सशस्त्र सीमा बल एवं चिकित्सा टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, महराजगंज द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य, जागरूकता और विश्वास का वातावरण लगातार सुदृढ़ हो रहा है।