महराजगंज: बंटवारे को लेकर भाइयों में खूनी संघर्ष, पकड़ी चौबे में चली लाठियां—पूरी घटना CCTV में कैद।

ब्यूरो रिपोर्ट/ संतोष कुमार

सिसवा कोठीभार 

सिसवा (महराजगंज)जनपद के सिसवा क्षेत्र अंतर्गत कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम पकड़ी चौबे में शनिवार की सुबह संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

बताया जा रहा है कि पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर काफी समय से दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर टूट पड़े।

 

घटना के दौरान आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया। वहीं पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी सक्रिय हुई। इस संबंध में कोठीभार थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की पुष्टि यूपी अबतक नहीं करता है।

 

घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *