ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
“साइबर अपराधियों पर वार, पीड़ित को मिला पूरा अधिकार”
महराजगंजः जनपद महराजगंज की थाना कोतवाली साइबर सेल टीम ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी और तकनीकी दक्षता का प्रमाण देते हुए साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में की गई त्वरित कार्रवाई के चलते साइबर ठगी का शिकार हुए पीड़ित को पूरी धनराशि वापस मिल सकी।
थाना कोतवाली क्षेत्र के विद्यापति निवासी दुर्गेश पटेल पुत्र देवीशरण ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, साइबर ठगों ने विभिन्न हथकंडों से उन्हें झांसे में लेकर करीब 20 लाख रुपये की ठगी कर ली थी।
शिकायत मिलते ही साइबर सेल टीम सक्रिय हुई और बैंकिंग चैनलों, तकनीकी जांच तथा संबंधित बैंकों के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर फ्रॉड खातों को तत्काल फ्रीज कराया। सतर्कता और सटीक कार्यवाही के परिणामस्वरूप ठगी की गई पूरी 20 लाख रुपये की राशि पीड़ित के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
इस सराहनीय कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने साइबर सेल टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि जनपद पुलिस साइबर अपराध के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है और आमजन की मेहनत की कमाई की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह सफलता न सिर्फ साइबर अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास को भी और मजबूत करती है।