ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज
मुख्य सम्पादक
महराजगंज में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। उन्होंने पुलिस लाइन परिसर से डायल 112 की चार नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे जनपद में आपातकालीन सेवाओं की पहुंच और अधिक तेज व सुदृढ़ हो सकेगी।
इस मौके पर एसपी ने कहा कि आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई गाड़ियों के संचालन से घटनास्थल पर शीघ्र पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे आमजन को समयबद्ध, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण सहायता मिल सकेगी। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि डायल 112 पर प्राप्त प्रत्येक सूचना पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम के उपरांत पुलिस लाइन सभागार में जिले के पत्रकारों के साथ पहली परिचयात्मक एवं संवादात्मक गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, प्रभावी जनसुनवाई और सामुदायिक पुलिसिंग जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
एसपी ने मीडिया को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय बेहद आवश्यक है। त्वरित और तथ्यात्मक सूचना के आदान-प्रदान से जहां अफवाहों पर नियंत्रण पाया जा सकता है, वहीं आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने पत्रकारों से रचनात्मक सहयोग की अपेक्षा करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि महराजगंज पुलिस आमजन की सुरक्षा, सेवा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रहेगी।