ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
उप सम्पादक
महराजगंज, 02 अप्रैल 2026 पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निपटारा समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए, ताकि लोगों को न्याय के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को विशेष रूप से सचेत करते हुए कहा कि जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, जिससे पीड़ितों को अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय आने की जरूरत न पड़े।
एसपी अवस्थी ने निर्देश दिया कि जिन मामलों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण वहीं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पुलिस व्यवस्था पर जनता का भरोसा और मजबूत हो।
इस पहल को आमजन के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का तेजी से समाधान संभव होगा।