*महराजगंज: जनगणना 2027 की तैयारी तेज, कलेक्ट्रेट में दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

 

महराजगंज। आगामी जनगणना 2027 को सुचारु और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रशिक्षण में जिले के सभी ग्रामीण और नगर चार्ज अधिकारियों ने भाग लिया।

 

प्रशिक्षण के प्रथम दिन जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, उसकी संवेदनशीलता और गोपनीयता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनगणना के महत्व को देखते हुए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाए।

 

बताया गया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इससे पहले 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक आम नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक संचालित होगा, जिसमें जनसंख्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।

 

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के मंडल प्रभारी डॉ. गौरव पाण्डेय और जिला प्रभारी जनगणना अम्बिका मौर्य ने विभिन्न तकनीकी सत्रों में जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सीएमएमएस पोर्टल, एचएलवीओ के गठन तथा फील्ड स्तर पर कार्य संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों को प्रशिक्षित किया।

 

कार्यक्रम में राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों ने भी अलग-अलग सत्रों में जनगणना की कार्यप्रणाली, डेटा संग्रहण और तकनीकी प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *