ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज, 17 मार्च 2026 मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन कार्यदाई संस्थाओं द्वारा निर्माण कार्यों में शिथिलता बरती जा रही है और जो समय से कार्य पूर्ण नहीं कर पा रही हैं, उनके विरुद्ध सुसंगत कार्रवाई हेतु पत्र जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन निर्माण कार्यों की समयसीमा मार्च माह में निर्धारित है, उन्हें हर हाल में 31 मार्च तक पूर्ण किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने यू0पी0आर0एन0 एस0एस, यू0पी0 सिडिको, यू0पी0पी0 सी0एल0, सी0एण्ड0डी0एस0, पुलिस आवास निगम तथा राज्य सेतु निगम के कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अर्थ एवं संख्या अधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी किया जाए।
बैठक में यह भी बताया गया कि लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड के अंतर्गत कुल 39 सड़क परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें से 13 परियोजनाओं पर वर्तमान में कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, जल निगम तथा वन विभाग के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अर्थ एवं संख्या अधिकारी, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय एवं निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता, इंडो-नेपाल बॉर्डर से संबंधित अधिकारी तथा सभी कार्यदाई संस्थाओं के अधिशासी अभियंता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।