ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय महराजगंज
महराजगंज, 28 मार्च 2026। कैम्प कार्यालय में आयोजित राजस्व एवं करेत्तर समीक्षा बैठक में जिले के विकास और प्रशासनिक कार्यों को लेकर सख्त रुख अपनाया गया। बैठक में मण्डी समिति, खाद्य एवं औषधि प्रसंस्करण, पेट्रोल-डीजल एवं गैस आपूर्ति, गन्ना भुगतान, डूडा आवास, पीएम स्वनिधि, कृषि एवं गैर-कृषि भूमि, अधिवास प्रमाण पत्र, राजस्व वाद, आपदा राहत, एण्टी-भू-माफिया, कृषि दुर्घटना बीमा, राजस्व वसूली, स्वामित्व, एआरटीओ, खनन, स्टाम्प, आईजीआरएस तथा आबकारी आय जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष सभी कार्य हर हाल में समय पर पूरे किए जाएं। राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अवकाश अवधि को भी कार्य दिवस मानते हुए लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
डूडा के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे भवनों को शीघ्र पूर्ण कराने और पीएम स्वनिधि योजना में लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एसडीएम और तहसीलदारों को धारा 24 के वाद, अधिवास प्रमाण पत्र, आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों और स्वामित्व से जुड़े मामलों को लंबित न रखने तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर एसडीएम, उप संभागीय परिवहन अधिकारी, आबकारी अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।