न्यूज रिपोर्ट/राजीव त्रिपाठी निचलौल गड़ौरा
सह संपादक
“हक़ की लड़ाई अब सड़क पर, शांतिपूर्ण आंदोलन से मिलेगा इंसाफ”
महराजगंज जनपद के गड़ौरा स्थित जेएचवी चीनी मिल में कर्मचारियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने वाला है। अपनी वर्षों से लंबित मांगों की अनदेखी से नाराज मिल कर्मियों ने 17 जनवरी को मिल गेट पर धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कर्मचारियों का कहना है कि मिल प्रबंधन लगातार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है, जिससे असंतोष चरम पर पहुंच गया है।
पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन गड़ौरा के अध्यक्ष डॉ. नवल किशोर मिश्रा ने बताया कि कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रबंधन और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। वेतन, भत्ते, कार्य परिस्थितियां और श्रमिक हितों से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर यूनियन की ओर से लगातार पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर ठोस पहल नहीं हुई।
यूनियन के अनुसार, 16 नवंबर, 5 दिसंबर, 26 दिसंबर और 30 दिसंबर को प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की गई थी, परंतु हर बार कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन ही मिला। बार-बार उपेक्षा से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती चली गई, जिसके बाद आंदोलन का निर्णय लेना पड़ा।
डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट किया कि 17 जनवरी को सुबह 8 बजे से मिल गेट पर शुरू होने वाला यह धरना पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे मिल प्रबंधन पर दबाव बढ़ना तय माना जा रहा है।