महराजगंज: निचलौल क्षेत्र में महिला गंभीर रूप से झुलसी, जिला अस्पताल में भर्ती।

न्यूज रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी निचलौल

 

महराजगंज (निचलौल)। जनपद के निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम जमुई पंडित में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। झुलसी अवस्था में महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुई पंडित निवासी रोहित भारती की पत्नी नीलम भारती किसी कारणवश आग की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में उन्हें जगदौर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए महराजगंज जिला अस्पताल भेज दिया।

 

चिकित्सकों का कहना है कि महिला का एक बड़ा हिस्सा झुलस चुका है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

 

घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के अनुसार, महिला ठंड से बचने के लिए आग के पास बैठी थी, इसी दौरान अचानक आग भड़क गई और वह उसकी चपेट में आ गई।

 

उधर, पुलिस का कहना है कि फिलहाल थाने में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। बावजूद इसके, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *