*ठूठीबारी बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: एसएसबी–पुलिस की संयुक्त घेराबंदी में 500 नशीले कैप्सूल के साथ दो गिरफ्तार।*

ब्यूरो रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी 

ठूठीबारी क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बार फिर नशा तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। बरगदवा एसएसबी बीओपी के पास पगडंडी मार्ग पर की जा रही संयुक्त चेकिंग के दौरान एसएसबी और स्थानीय पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी में उनके कब्जे से 500 नशीले कैप्सूल बरामद हुए, जिन्हें नेपाल ले जाया जा रहा था।

 

मंगलवार देर रात एसएसबी बीओपी बरगदवा के समीप उपनिरीक्षक युवराज सिंह और पुलिस टीम के आरएन मिश्र नेपाल की ओर जाने वाले मार्गों पर सघन निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पगडंडी से संदिग्ध तरीके से गुजर रहे बाइक सवारों को रोककर तलाशी ली गई। झोले में छिपाकर रखे गए 500 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद होते ही दोनों को मौके पर हिरासत में ले लिया गया।

 

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंजेकर गौंड़ निवासी बरगदवा और शमसे आलम निवासी चमनटोला, जनपद नवलपरासी (नेपाल) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

 

थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

 

सीमा क्षेत्र में बढ़ती नशा तस्करी की घटनाओं को देखते हुए एसएसबी और पुलिस द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर चौकसी और तेज की जाएगी, ताकि युवाओं को बर्बाद करने वाले इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *