*महराजगंज पुलिस में बड़ा एक्शन: लापरवाही पर गिरी गाज, एसपी शक्ति मोहन अवस्थी का सख्त संदेश ठूठीबारी के नवागत थानाध्यक्ष बने अमित सिंह।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय/ठूठीबारी 

महराजगंज में नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने आते ही कानून व्यवस्था को लेकर अपना कड़ा रुख साफ कर दिया है। अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए उन्होंने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अब लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

सबसे बड़ी कार्रवाई ठूठीबारी थानाध्यक्ष नवनीत नागर पर हुई, जिन्हें कार्य में लापरवाही और समय पर सूचना न देने के गंभीर आरोप में निलंबित कर दिया गया। इस सख्त कदम से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच जिम्मेदारी का दबाव साफ नजर आने लगा है।

 

इसी कड़ी में चौक थाने में तैनात वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित सिंह को ठूठीबारी थाने की कमान सौंप दी गई है। वहीं जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के पद पर कार्यरत उपनिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह को जनसुनवाई सेल की अहम जिम्मेदारी दी गई है।

 

इसके साथ ही जनसुनवाई सेल में तैनात उपनिरीक्षक विजय द्विवेदी को पीआरओ बनाकर विभागीय जिम्मेदारियों का पुनर्गठन किया गया है।

एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि—“कानून व्यवस्था में ढिलाई अब बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं होगी।” “जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने कर्तव्यों में शिथिलता बरतेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।”

इस कार्रवाई को महज तबादला नहीं, बल्कि पुलिस महकमे में अनुशासन की “नई लाइन” खींचने के रूप में देखा जा रहा है। साफ है—अब महराजगंज में काम नहीं, तो कुर्सी भी नहीं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *