*आईजीआरएस में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: राजस्व लिपिक निलंबित, जिम्मेदार अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ विश्वतेज त्रिपाठी महाराजगंज 

महराजगंज, 11 जनवरी 2026। जनपद में आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रेड्रेसल सिस्टम) प्रकरणों के निस्तारण में बरती गई लापरवाही पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व लिपिक दशरथ प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनवरी माह में प्राप्त 10 शिकायत आवेदन समय से पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए, जिसके चलते सभी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में दर्ज हो गए। इसका सीधा असर जनपद की आईजीआरएस रैंकिंग पर पड़ा और महराजगंज को प्रदेश स्तर पर 29वां स्थान प्राप्त हुआ। इतना ही नहीं, दिसंबर माह में भी एक प्रकरण विलंब से अपलोड किया गया था, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया।

 

मामले की समीक्षा के बाद जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित राजस्व लिपिक को निलंबित कर नौतनवा तहसील से संबद्ध कर दिया है। साथ ही पर्यवेक्षणीय शिथिलता को लेकर एसडीएम निचलौल एवं तहसीलदार निचलौल से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आईजीआरएस से संबंधित प्रत्येक शिकायत की जांच आख्या निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए। इसके लिए एक विस्तृत चेकलिस्ट जारी की गई है, ताकि भविष्य में किसी भी स्तर पर त्रुटि की पुनरावृत्ति न हो।

 

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य जनपद की रैंकिंग में सुधार के साथ-साथ आमजन को समयबद्ध एवं पारदर्शी न्याय दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *