ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी नौतनवां
मुख्य सम्पादक
महराजगंज, 08 अप्रैल 2026: जनपद के नौतनवा तहसील क्षेत्र में संदिग्ध दवा दुकानों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। प्रतिबंधित एवं अवैध दवाओं की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया।
उपजिलाधिकारी नौतनवा के नेतृत्व में राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान लारी मेडिकल स्टोर, नेशनल मेडिकल स्टोर, जयसवाल मेडिकल स्टोर्स, शुभम मेडिकल स्टोर, पाठक मेडिकल स्टोर, अनामिका मेडिकल स्टोर और कृष्णा मेडिकल स्टोर समेत कुल 7 दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान दवा अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस और दवाओं की गुणवत्ता की बारीकी से पड़ताल की गई। इस प्रक्रिया में अनियमितताएं पाए जाने पर 4 संदिग्ध दुकानों से दवाओं के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया गया। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां उनकी गुणवत्ता और वैधता की जांच की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जनपद में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और अवैध तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं संदिग्ध दवाओं की बिक्री या अवैध गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस अभियान में क्षेत्राधिकारी नौतनवा अनिरुद्ध कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या, औषधि निरीक्षक नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।