ब्यूरो रिपो/र्ट राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज जिला अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अहम और सराहनीय बदलाव की शुरुआत की गई है। अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी में बढ़ती भीड़ और गर्मी के मौसम से होने वाली परेशानियों को देखते हुए पर्ची काउंटर को ओपीडी ब्लॉक के अंदर से बाहर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है, जिस पर तेजी से काम भी शुरू हो चुका है।
अब तक मरीजों और उनके परिजनों को पर्ची बनवाने के लिए ओपीडी के अंदर जाना पड़ता था, जिससे भीड़ का दबाव काफी बढ़ जाता था। खासकर गर्मी के दिनों में यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जहां भीड़भाड़ के कारण मरीजों को घुटन और असुविधा का सामना करना पड़ता था।
नई व्यवस्था के तहत पर्ची काउंटर को अस्पताल परिसर में बाहर स्थापित किया जा रहा है, जिससे ओपीडी के अंदर भीड़ कम होगी और मरीजों को बेहतर व सुगम वातावरण मिल सकेगा। रोगी कल्याण समिति की निगरानी में इस निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी ने बताया कि अस्पताल में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या और मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुविधा सर्वोपरि है और इस बदलाव से न केवल भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं भी अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकेंगी।
बताया जा रहा है कि अप्रैल माह के अंत तक यह नई व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी जाएगी। इस पहल से जहां मरीजों का समय बचेगा, वहीं उन्हें लंबी कतारों और भीड़भाड़ से भी राहत मिलेगी।
जिला अस्पताल प्रशासन का यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, सुचारू और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।