ब्यूरो रिपोर्ट /मिर्जापुर
ख़ास रिपोर्ट
मिर्जापुर में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और एडीएम अजय कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र के नेतृत्व में कछुवा सेंचुरी क्षेत्र के गोगांव की तलहटी में छापेमारी की गई। इस संयुक्त अभियान में वन विभाग, खनन विभाग और पुलिस की टीम शामिल रही।
छापेमारी की भनक लगते ही अवैध खनन में लिप्त दर्जनों नाविक अपनी नावें मौके पर छोड़कर फरार हो गए। प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
एसडीएम सदर गुलाब चन्द्र ने साफ चेतावनी दी है कि अवैध खनन में पकड़े जाने वालों के खिलाफ सीधे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी और इस्तेमाल की जा रही नावों को जब्त कर लिया जाएगा।
प्रशासन की सख्ती का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सितंबर 2025 तक 1,588 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹656.18 लाख की राजस्व वसूली की जा चुकी है। वहीं, स्वीकृत क्षेत्र से बाहर खनन, गलत लीज आईडी के उपयोग और निर्धारित मात्रा से कम खनन दर्शाने वाले पट्टाधारकों पर भी शिकंजा कसा गया है, जिनसे ₹73 लाख की वसूली की गई है। इसके अलावा, अवैध खनन में संलिप्त 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की गई है।
लगातार चल रही इस सख्त कार्रवाई से साफ है कि मिर्जापुर प्रशासन अब अवैध खनन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।