ब्यूरो रिपोर्ट/ विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी इंडो नेपाल
ठूठीबारी/महराजगंज नेपाल के नवलपरासी जिला में सशस्त्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 18 लाख रुपये के हुक्का फ्लेवर बरामद किए हैं। यह कार्रवाई जिले के झूलनीपुर सीमावर्ती नाके पर की गई।
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नम्बर 26 गण के कार्यवाहक प्रमुख डीएसपी प्रमोद खड़का के अनुसार, बीती रात गश्त के दौरान बलिनगर के तरैनी क्षेत्र से 24 कार्टून हुक्का फ्लेवर जब्त किया गया। बरामद फ्लेवर 50 ग्राम के कुल 5,950 पीस बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, नेपाली बाजार में इन फ्लेवर की कीमत प्रति पीस 300 रुपये से अधिक है, जबकि सशस्त्र पुलिस ने भारतीय बाजार दर के अनुसार प्रति पीस 200 रुपये मूल्य निर्धारित करते हुए कुल 11 लाख 90 हजार रुपये आंका है। जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए महेशपुर कस्टम कार्यालय भेज दिया गया है।
हालांकि, इतनी बड़ी मात्रा में बरामदगी के बावजूद इस कारोबार में शामिल तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, रात के समय गश्ती टीम को देख तस्कर भाग निकले। उनके द्वारा इस्तेमाल की जा रही तीन भारतीय नंबर प्लेट की मोटरसाइकिलों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
सशस्त्र पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।