ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी चौक
मुख्य सम्पादक
महराजगंज। जनपद के मिठौरा क्षेत्र में शुक्रवार की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए इंडेन गैस गोदाम का ताला तोड़कर 76 गैस सिलेंडर चोरी कर लिए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। एजेंसी संचालक की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा मिश्रौलिया स्थित मिठौरा इंडेन गैस सेवा का गैस गोदाम गांव के उत्तर दिशा में स्थित है। एजेंसी की प्रोपराइटर अस्मिता चंद हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर रखे 76 गैस सिलेंडर पार कर दिए।
शनिवार सुबह जब गोदाम इंचार्ज नागेंद्र यादव पुत्र रामबचन यादव मौके पर पहुंचे तो गोदाम का ताला टूटा हुआ देख उनके होश उड़ गए। अंदर रखे दर्जनों सिलेंडर गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत एजेंसी संचालक को घटना की जानकारी दी।
मामले में एजेंसी संचालक की ओर से चौक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
इस संबंध में चौक बाजार थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।