ब्यूरो रिपोर्ट/ राजीव त्रिपाठी महाराजगंज
सह संपादक
महराजगंज दिनांक : 22 फरवरी 2026 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं माननीय कार्यपालक अध्यक्ष/वरिष्ठ न्यायमूर्ति, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुमोदन तथा माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय के आदेशानुसार, जिलाधिकारी महोदय की गरिमामयी उपस्थिति में जनपद महराजगंज में आज दिनांक 22.02.2026 को प्रातः 10:00 बजे मेगा/वृहद विधिक सेवा एवं सहायता शिविर का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके पश्चात समस्त न्यायिक अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए लाभान्वित किया जाए।
शिविर के सफल आयोजन हेतु माननीय जनपद न्यायाधीश द्वारा न्यायिक अधिकारियों की पांच सदस्यीय समिति गठित की गई, जिसमें पी.सी. कुशवाहा (अध्यक्ष/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत/विशेष न्यायाधीश पोक्सो), मुकेश कुमार यादव (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट), प्रभारी सचिव देवेन्द्र प्रताप सिंह (अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट), दीपक कुमार सिंह (अपर सिविल जज प्रवर खंड) एवं आसिफ नवाज खान (सिविल जज प्रवर खंड) शामिल रहे।
इसी प्रकार जिलाधिकारी द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों की पांच सदस्यीय नोडल समिति गठित की गई, जिसमें डॉ. प्रशांत कुमार (अपर जिलाधिकारी वि./रा.), रामदरश चौधरी (परियोजना निदेशक, जिला ग्राम विकास अभिकरण), भोलानाथ कन्नौजिया (जिला विकास अधिकारी) तथा श्री सिद्धार्थ (अपर पुलिस अधीक्षक) नामित रहे।
मेगा विधिक सेवा शिविर के माध्यम से पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक परामर्श, विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं अन्य विधिक सहायता सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। प्री-कैम्प एवं मेगा कैम्प के माध्यम से कुल 21,419 पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जिनमें से 19,337 लाभार्थियों को शिविर के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।
माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महराजगंज द्वारा निर्देशित किया गया कि शिविर का आयोजन पूर्णतः सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं जनोपयोगी ढंग से किया जाए, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विधिक सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित हो सके।
जनपद के समस्त महिला, बच्चे, दिव्यांगजन, भूतपूर्व सैनिक एवं वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम वाले पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महराजगंज के सचिव श्री सुनील कुमार नागर से संपर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया।
(सुनिल कुमार नागर) सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महराजगंज।