ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी नौतनवां महराजगंज
प्रधान सम्पादक
महराजगंज। लक्ष्मीपुर क्षेत्र विकास मंच ने क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित से जुड़ी परियोजनाओं के संरक्षण को लेकर स्थानीय विधायक को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में लक्ष्मीपुर क्षेत्र की ऐतिहासिक, सामाजिक और आर्थिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गई हैं।
मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में 174 विधानसभा के नाम से जाना जाने वाला यह क्षेत्र अब 316 विधानसभा नौतनवा के अंतर्गत आता है। लक्ष्मीपुर बाजार लंबे समय से प्रशासनिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां 100 वर्ष से अधिक पुरानी ट्राम लाइन विधि 1924 से संचालित रही, जिसके माध्यम से जंगलों से लकड़ी ढुलाई का कार्य होता था। वर्ष 1980 के दशक में वन निगम के गठन के बाद यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा और हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हुई।
ज्ञापन में मांग की गई है कि लक्ष्मीपुर से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित भगवान बुद्ध की महोत्तमा वनश्री स्थल तक पिपरासी/पिपरहिया ट्राम लाइन के ट्रैक पर पर्यटन की दृष्टि से ट्रेन का संचालन कराया जाए। इससे न केवल क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
मंच ने यह भी कहा कि पूर्व में संबंधित अधिकारियों द्वारा निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार किया गया था और ट्रैक पर ट्रेन संचालन की सहमति भी बनी थी, लेकिन बाद में परियोजना को अन्यत्र स्थानांतरित करने की चर्चा से क्षेत्रवासियों में असंतोष व्याप्त है।
अंत में मंच ने विधायक से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ट्राम/रेल परियोजना को लक्ष्मीपुर रेलवे स्टेशन पर ही संरक्षित रखने तथा पर्यटन ट्रेन संचालन की दिशा में शीघ्र कार्रवाई कराने की मांग की है। मंच पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जनहित की अनदेखी हुई तो क्षेत्रवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।इस अवसर पर संस्थाध्यक्ष घरभरन मद्धेशिया, महासचिव दुर्गा शंकर शुक्ल, आदि भी उपस्थित रहे।