रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी,महाराजगंज
जनपद के भारत–नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कोतवाली पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीवी कैमरे, आगंतुक रजिस्टर एवं कंप्यूटर कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया।
एसपी सोमेन्द्र मीणा ने लंबित विवेचनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीट प्रणाली की समीक्षा कर सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त और चेकिंग को और सख्त करने पर जोर दिया। आगामी 26 जनवरी आने वाले पर्व पर सुरक्षा की दृष्टिकोण से ,नेपाल सीमा से सटे सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी, अवैध आवागमन और अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। हवालात में साफ-सफाई, बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की भी जांच की गई। मालखाना निरीक्षण में जब्त माल के रख-रखाव, रजिस्टर अद्यतन और नीलामी प्रक्रिया की स्थिति पर भी सवाल-जवाब किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली स्टाफ से संवाद कर जनसुनवाई को प्राथमिकता, फरियादियों से शालीन व्यवहार और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती थाना होने के नाते ठूठीबारी की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के अंत में एसपी सोमेन्द्र मीणा ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए चेतावनी दी कि अनुशासनहीनता या कार्य में शिथिलता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। औचक निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में सतर्कता बढ़ी है और कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट संदेश गया है।