*बिना बताए चला दी NDPS की धाराएं, एसओ पर गिरी गाज — एसपी ने दिखाया सख्त एक्शन!*

ब्यूरो रिपोर्ट/दिलीप कुमार पाण्डेय/ठूठीबारी 

 

ठूठीबारी (महराजगंज): पुलिस महकमे में अनुशासन की अनदेखी अब भारी पड़ने लगी है। महराजगंज में मंगलवार को एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने ठूठीबारी थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसओ) नवनीत नागर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

 

सूत्रों के मुताबिक, मामला बेहद गंभीर है। आरोप है कि एसओ नवनीत नागर ने एनडीपीएस एक्ट जैसे संवेदनशील कानून के तहत मुकदमा दर्ज करते समय उच्च अधिकारियों को सूचना देना जरूरी नहीं समझा। इस नियमों की अनदेखी को विभाग ने सीधे-सीधे अनुशासनहीनता माना।

बताया जा रहा है कि जैसे ही यह मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आया, तुरंत कार्रवाई की गई। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ संदेश दे दिया कि कानून के नाम पर मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसपी ने पुष्टि करते हुए कहा कि बिना सूचना के एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करना गंभीर लापरवाही है, जो विभागीय नियमों के खिलाफ है। इसी आधार पर एसओ को निलंबित किया गया है।

 

मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी। अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप पुष्ट हुए तो यह कार्रवाई और कड़ी हो सकती है।

 

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले के पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों और कर्मियों में अब कार्यप्रणाली को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।

 

स्पष्ट संदेश — नियम तोड़ोगे तो कार्रवाई तय

इस पूरे घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि अब विभाग में नियमों से हटकर काम करने वालों पर सीधे कार्रवाई होगी। एसपी का यह कदम पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *