*नए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी का कड़ा संदेश: लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस, अपराधियों पर कसेंगे शिकंजा।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी महाराजगंज 

मुख्य सम्पादक 

 

महराजगंज जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार देर रात पुलिस महकमे की कमान संभालते ही सख्त तेवर दिखाए। पुलिस कार्यालय स्थित तथागत सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

करीब रात 10 बजे शुरू हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले के सभी थानों की कार्यप्रणाली, लंबित विवेचनाओं और अपराध नियंत्रण की स्थिति का गहन आकलन किया गया। एसपी अवस्थी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जबकि अनावरण शेष प्रकरणों में तेजी लाकर अपराधियों को जल्द बेनकाब किया जाए। उन्होंने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

 

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए एसपी ने महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े मामलों में विशेष गंभीरता और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में लापरवाही सीधे जवाबदेही तय करेगी।

 

जनसुनवाई और आईजीआरएस प्रकरणों को लेकर भी एसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे स्वयं शिकायतों की जांच करें, पीड़ितों से संवाद स्थापित करें और संतोषजनक निस्तारण के साथ बेहतर फीडबैक सुनिश्चित करें।

 

तकनीकी और आधुनिक पुलिसिंग को मजबूत करते हुए बैठक में यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, एसआईडी और ऑपरेशन क्लीन जैसे अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई। एसपी ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सर्विलांस टीम को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

 

इसके साथ ही गुमशुदा बच्चों की बरामदगी, अपहरण मामलों के त्वरित निस्तारण, वारंटियों की गिरफ्तारी और चिन्हित अभियोगों में मिशन मोड पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा संदिग्ध होटलों और प्रतिष्ठानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, स्वाट, एसओजी और सर्विलांस टीम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नए एसपी के सख्त और स्पष्ट रुख से पुलिस विभाग में कार्यकुशलता और सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *