निचलौल थाना समाधान दिवस: एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश।

रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी महराजगंज 

 

निचलौल। थाना समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने निचलौल थाना परिसर में जनसुनवाई कर आमजन की शिकायतें सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक मतभेद, मारपीट और रास्ते से जुड़े मामलों सहित विभिन्न समस्याएं सामने आईं, जिन्हें फरियादियों ने सीधे एसपी के समक्ष रखा।

 

पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता को त्वरित राहत देना और स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे विवादों का समाधान करना है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

एसपी मीणा ने थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों की प्राथमिकता तय कर उनकी विधिवत जांच कराई जाए और अनावश्यक देरी से बचते हुए कार्रवाई की जाए। साथ ही, पुलिस कर्मियों को जनता के साथ शालीन व्यवहार रखने और शिकायतकर्ताओं को इधर-उधर भटकने से रोकने के निर्देश भी दिए गए।

 

जनसुनवाई के दौरान थाना निचलौल के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे शिकायतकर्ताओं को तत्काल राहत मिली और पुलिस-जन संवाद को मजबूती मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *