ब्यूरो रिपोर्ट/ नरसिंह उपाध्याय /महराजगंज
उप सम्पादक
महाराजगंज में इंडियन गैस उपभोक्ताओं की परेशानी अब गुस्से में बदलती नजर आ रही है। हालात इतने खराब हैं कि बुकिंग कराने, OTP मिलने और पर्ची कटने के बावजूद भी लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ टालमटोल का जवाब मिल रहा है।
ग्राम सभा रुद्रापुर निवासी प्रियांशु श्रीवास्तव ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 27 तारीख को गैस बुकिंग कराई थी। उनके मोबाइल पर OTP भी आया, पर्ची भी कट गई और मैसेज भी प्राप्त है, लेकिन इसके बावजूद एजेंसी द्वारा साफ कह दिया जा रहा है कि “अभी गैस नहीं है, जब आएगा तब मिलेगा, पर्ची कटने से कुछ नहीं होता।”
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह समस्या किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के उपभोक्ताओं की है। लोगों का आरोप है कि एजेंसी द्वारा गैस की कालाबाजारी (ब्लैक मार्केटिंग) की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं और उन्हें उनका हक नहीं मिल पा रहा।
सरकार जहां एक ओर दावा कर रही है कि हर घर तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और कोई भी उपभोक्ता परेशान नहीं होगा, वहीं दूसरी ओर एजेंसी संचालकों की मनमानी इन दावों की पोल खोल रही है।
इस गंभीर मुद्दे पर जब हमारे पत्रकार अजय श्रीवास्तव ने इंडियन गैस एजेंसी के मालिक चंद्रजीत भारती से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इससे संदेह और भी गहरा हो गया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेकर दोषी एजेंसी संचालकों पर सख्त कार्रवाई करेगा, या फिर उपभोक्ता यूं ही परेशान होते रहेंगे?
मामला साफ है—अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह आक्रोश बड़ा आंदोलन बन सकता है!