01 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का आदेश जारी।

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय 

महराजगंज।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने विस्तृत आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी महराजगंज द्वारा जारी आदेश के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जाएगा।

 

आदेश में बताया गया है कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची से संबंधित कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपादित किए जाएंगे। इस दौरान नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटि सुधार का कार्य किया जाएगा।

 

11 जनवरी को विशेष अभियान

 

आदेश के अनुसार 11 जनवरी 2026 (रविवार) को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

 

इस दिन विद्यालयों एवं अन्य चिन्हित भवनों में मतदाता सहायता केंद्र भी सक्रिय रहेंगे, जहां नागरिक अपनी शिकायतें और आवेदन दर्ज करा सकेंगे।

 

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

 

निर्वाचन नामावली से संबंधित आवेदन ऑनलाइन माध्यम से भी स्वीकार किए जाएंगे। नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से फॉर्म-6, 7 एवं 8 भरकर आवेदन कर सकते हैं।

 

निर्देशों का सख्ती से अनुपालन

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित सभी अधिकारियों, बीएलओ, सुपरवाइजर एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और यदि कोई त्रुटि हो तो निर्धारित तिथियों में उसका निस्तारण कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *