ब्यूरो रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी
ठूठीबारी क्षेत्र के बरगदवा थाना अंतर्गत पिपरा गांव के टोला असोगवां में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। संदिग्ध परिस्थितियों में 35 वर्षीय विवाहिता का शव उसके कमरे में छत के पंखे से लटकता मिला। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सलीम रोज़गार के सिलसिले में मुंबई में रहकर नौकरी करता है। घर पर उसकी पत्नी साहिमा अपने तीन बच्चों के साथ रह रही थी। बुधवार को किसी पारिवारिक बात को लेकर वह अपने कमरे में चली गई। कुछ ही देर बाद जब बच्चे कमरे में पहुंचे तो मां को फंदे से लटका देख चीख पड़े। मासूमों की दहाड़ मारकर रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो दृश्य देखकर सन्न रह गए।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बरगदवा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। तीन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठने से हर आंख नम है।