ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी निचलौल
मुख्य सम्पादक
महराजगंज (निचलौल) 27 मार्च 2026 जनपद महराजगंज के निचलौल क्षेत्र में पेट्रोल, डीजल और गैस को लेकर फैली अफवाहों के बीच पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत निचलौल थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वर्मा ने खुद मौके पर उतरकर हालात की कमान संभाली।
हालांकि पुलिस बल पहले से ही तैनात था, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष स्वयं क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनकी सक्रियता ने साफ संकेत दिया कि प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही या अव्यवस्था को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
प्रमुख स्थान जहां खुद पहुंचे थानाध्यक्ष:
थाना रोड स्थित यादव पेट्रोल पंप
ठूठीबारी रोड, सिरौली पेट्रोल पंप
दमकी स्थित भारत गैस एजेंसी
मदनापुरा इंडियन पेट्रोल पंप
रुदरौली पेट्रोल पंप
सिसवा रोड अग्रवाल फ्यूल एजेंसी
चिउटहां रोड किसान सेवा केंद्र
हर स्थान पर मौजूद रहकर थानाध्यक्ष ने न केवल स्थिति का निरीक्षण किया, बल्कि आम लोगों से सीधे संवाद कर उन्हें आश्वस्त भी किया।
थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा का बयान:
क्षेत्र में पेट्रोल, डीजल और गैस की किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। कुछ भ्रामक खबरों के चलते लोगों में घबराहट पैदा हो रही थी, जिसे दूर करना हमारी प्राथमिकता है। आप सभी से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
उन्होंने आगे कहा,
अगर किसी को किसी प्रकार की समस्या होती है तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें, तुरंत कार्रवाई कर समाधान किया जाएगा। लेकिन यदि कोई कालाबाजारी करता है या आम जनमानस में अफवाह फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का साफ संदेश:
निचलौल पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में आवश्यक ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
थानाध्यक्ष की सक्रिय मौजूदगी से आम लोगों में भरोसा बढ़ा है और क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।