*सिसवा में टली पुलिस चौकी शिफ्टिंग: व्यापारियों के विरोध के आगे झुका प्रशासन, एसपी ने दिया यथावत रखने का भरोसा।*

ब्यूरो रिपोर्ट/ दिलीप कुमार पाण्डेय सिसवा कोठीभार 

सिसवा बाजार, महराजगंज। नगर में प्रस्तावित पुलिस चौकी के स्थानांतरण को लेकर उठे विवाद का आखिरकार समाधान हो गया है। चौकी को चिरैयाकोट स्थानांतरित किए जाने की खबर जैसे ही फैली, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में असुरक्षा की भावना गहराने लगी। लोगों को आशंका थी कि चौकी हटने से नगर की कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और आपराधिक गतिविधियों में इजाफा हो सकता है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपकर अपनी चिंताओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सिसवा जैसे व्यस्त नगर में पुलिस चौकी की मौजूदगी सुरक्षा के लिहाज से बेहद जरूरी है।

 

व्यापारियों और नागरिकों की भावनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी सोमेन्द्र मीणा ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट आश्वासन दिया कि सिसवा नगर की पुलिस चौकी को उसके वर्तमान स्थान से नहीं हटाया जाएगा और इसे यथावत बनाए रखा जाएगा।

 

एसपी के इस निर्णय के बाद नगरवासियों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। इस मौके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष शिब्बू खान समेत कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन के इस सकारात्मक कदम के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *