*निचलौल में होली को लेकर पुलिस सख्त, डीजे संचालकों को दी कड़ी चेतावनी।*

ब्यूरो रिपोर्ट/राकेश त्रिपाठी/ निचलौल

मुख्य सम्पादक 

महराजगंज जनपद के निचलौल थाना परिसर में रविवार को आगामी होली पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से डीजे संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने की, जबकि थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा की उपस्थिति में दिशा-निर्देशों को स्पष्ट रूप से साझा किया गया।

 

बैठक में पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि होली के उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का अक्षरशः पालन अनिवार्य है। तय सीमा से अधिक ध्वनि में डीजे संचालन, अश्लील या भड़काऊ गीतों का प्रसारण तथा बिना अनुमति जुलूस निकालने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डीजे संचालकों को सचेत करते हुए कहा कि त्योहार की आड़ में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 

थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने भी स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि डीजे केवल निर्धारित समयावधि में ही संचालित किए जाएं और ऐसे गीतों का चयन किया जाए जो सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, उत्साह और आपसी सद्भाव का पर्व है, इसे शालीनता और जिम्मेदारी के साथ मनाया जाना चाहिए।

 

बैठक में मौजूद डीजे संचालकों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे सभी नियमों का पालन करेंगे और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पूरा सहयोग देंगे। अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी से आपसी समन्वय और सतर्कता बनाए रखते हुए होली को उल्लास, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *